Curd For Skin: गर्मियों में अक्सर लोग ठंडक पाने के लिए कई घरेलू उपाय अपनाते हैं, जिसमें दही का इस्तेमाल ज्यादा किया जाता है। दही से चेहरे की मसाज करना एक बहुत पुराना और आसान घरेलू नुस्खा है। यह त्वचा को ठंडक पहुंचाने का काम तो करता ही है, लेकिन साथ में कुछ नुकसान होने का डर भी रहता है। ऐसे में इसे लगाने से पहले कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
सबसे पहले बात करते हैं दही से चेहरे की मसाज करने के फायदों के बारे में। आपको बता दें कि दही की तासीर ठंडी होती है। इसे चेहरे पर लगाने से तुरंत ठंडक महसूस होती है। यह सनबर्न और गर्मियों में होने वाली जलन को कम करने में मदद करता है।
दही में लैक्टिक एसिड मौजूद होता है, जो स्किन को गहराई से हाइड्रेट करता है। अगर आपकी स्किन ड्राई है, तो आप दही से मसाज कर सकते हैं। यह आपकी स्किन को मुलायम और चिकनी बनाने में मदद कर सकता है।
गर्मियों में धूप की वजह से टैनिंग होना बहुत आम समस्या है। अगर आप नियमित रूप से दही लगाते हैं, तो आपकी टैनिंग धीरे-धीरे कम हो सकती है और चेहरे पर निखार आने लगता है। दही में एंटीबैक्टीरियल गुण भी होते हैं, जो पिंपल्स को कम करने में मदद करते हैं। इसके साथ ही यह आपकी स्किन को ग्लोइंग बनाने में भी मदद करता है। यह पोर्स को साफ करने का काम भी करता है।
आपको बता दें कि दही से सही तरीके से मसाज करने के लिए सबसे पहले अपने चेहरे को धो लें। फिर ठंडा दही लें और उंगलियों की मदद से हल्के हाथों से लगभग 10 मिनट तक मसाज करें। इसके बाद दही को 10 मिनट तक चेहरे पर लगा रहने दें। फिर सादे पानी से चेहरा धो लें।
हो सकते हैं ये नुकसान
कुछ लोगों की स्किन बहुत ज्यादा सेंसिटिव होती है। ऐसे में दही लगाने से खुजली, लालिमा या जलन जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए दही लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें।
अगर आपकी स्किन बहुत ज्यादा ऑयली है, तो दही लगाने से परहेज करें। कुछ मामलों में इससे समस्या बढ़ सकती है। दही को बहुत देर तक चेहरे पर छोड़ देने से आपकी स्किन ड्राई भी हो सकती है।
अगर आपकी स्किन पर कोई घाव है या स्किन इंफेक्शन की समस्या है, तो दही लगाने से बचें। ऐसे मामलों में यह परेशानी बढ़ा सकता है।









