Vitamin D Deficiency: आजकल भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर लोगों में विटामिन डी की कमी की शिकायत हो रही है। वहीं विटामिन डी शरीर के लिए बहुत ही जरूरी होता है, क्योंकि यह हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ इम्यूनिटी को बेहतर करने में भी मदद करता है। विटामिन डी शरीर को एक्टिव बनाए रखने में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विटामिन डी की कमी होने पर इंसान लगातार थकान, मसल्स में कमजोरी, शरीर में दर्द और मूड स्विंग जैसी परेशानियों का सामना करता है।
अगर आप भी कुछ इस तरह की परेशानी का सामना कर रहे हैं, तो यह लेख आपके लिए कारगर साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि आप कुछ आसान बदलाव और नेचुरल तरीकों के जरिए भी विटामिन डी की कमी को पूरा कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं।
सुबह आधे घंटे के लिए 10 बजे से पहले वाली धूप में जरूर बैठें
विटामिन डी बनाने का सबसे अच्छा तरीका सूरज की रोशनी है। आपको बता दें कि सुबह की हल्की धूप शरीर को खुद विटामिन डी बनाने में मदद करती है। एक्सपर्ट के मुताबिक आप हफ्ते में चार से पांच दिन लगभग सुबह आधे घंटे के लिए 10 बजे से पहले वाली धूप में बैठ सकते हैं। इसके लिए आपको लंबे समय तक तेज धूप में रहने की जरूरत नहीं है। अगर चेहरे, हाथों और शरीर पर थोड़ी धूप भी पड़ती है, तो यह भी काफी होता है। हालांकि ज्यादा देर धूप में बैठने से सनबर्न और स्किन के लिए नुकसान हो सकता है।
वहीं सिर्फ धूप ही नहीं, बल्कि फिजिकल एक्टिविटी के जरिए भी विटामिन डी की कमी को पूरा किया जा सकता है। इसके लिए आप हर रोज एक्सरसाइज करें। इससे मेटाबॉलिज्म अच्छा होता है और हड्डियां मजबूत होती हैं। एक्सरसाइज में आप मॉर्निंग वॉक, योग, साइकलिंग, जॉगिंग और आउटडोर स्पोर्ट्स जैसी एक्टिविटी कर सकते हैं।
डाइट का खास ख्याल रखें
इसके साथ ही अपने डाइट का खास ख्याल रखें। सही खानपान शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद करता है। फोर्टिफाइड मिल्क और डेयरी प्रोडक्ट्स, पनीर, दूध और चीज का सेवन करें। इसके साथ ही आप फोर्टिफाइड सीरियल्स और ओट्स भी खा सकते हैं। अगर आप नॉनवेज खाते हैं, तो ऐसे में आप अंडे, फैटी फिश जैसे सैल्मन, टूना और मैकेरल मछली का सेवन कर सकते हैं।
रोजमर्रा की आदतों में बदलाव करें
वहीं केवल धूप और खानपान ही नहीं, बल्कि आप रोजमर्रा की आदतों में बदलाव करके भी विटामिन डी की कमी को पूरा कर सकते हैं। इसके लिए आप पर्याप्त नींद लें, स्ट्रेस कम करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और संतुलित आहार लें। जब शरीर हेल्दी रहता है, तो पोषक तत्वों का अवशोषण भी बेहतर तरीके से होता है।










