rajasthanone Logo
Health News: मौसम बदलते ही डाइट में आंवला शामिल करें। आइए जानते हैं इसके सेवन का सही तरीका और फायदे।

Health News: अक्टूबर महीने की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में मौसम तेजी से बदल रहा है। बदलते मौसम में लोग खान-पान को लेकर भी ज्यादा सावधान हो जाते हैं। इन दिनों आंवले का काफी ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। इसमें विटामिन सी और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बालों से लेकर स्किन के लिए बहुत ही ज्यादा फायदेमंद होते हैं। आपको मार्केट में आंवला फल, जूस और पाउडर आसानी से मिल जाता है। वहीं लोगों को समझ में नहीं आता कि इनमें से कौन सा तरीका ज्यादा बेहतर है। ऐसे में आज हम आपको इस लेख में आंवले से जुड़ी तमाम जानकारी के बारे में बताने जा रहे हैं। साथ ही जानेंगे कि आप बदलते मौसम में आंवले का किस तरीके से सेवन कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इस बारे में।

मौसम बदलते ही लोगों को सर्दी-जुकाम और खांसी जैसी परेशानियां होने लगती हैं। ऐसे में आप आंवले का सेवन कर सकते हैं। इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को मजबूत रखने में मदद करते हैं। इसके लिए आप हर रोज मौसम के अनुसार आंवले का सेवन जरूर करें। आंवले को सुपरफूड भी कहा जाता है। आपको बता दें कि छोटे से आंवले में कई फलों की तुलना में ज्यादा मात्रा में विटामिन सी मौजूद होता है। इसके अलावा इसमें विटामिन ए, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, कैल्शियम, आयरन और फास्फोरस भी मौजूद होता है। इसमें फाइबर भी पाए जाते हैं, जो डाइजेशन के लिए बहुत ही फायदेमंद होते हैं।

अगर आपको फ्रेश आंवला आसानी से मिल रहा है, तो आप इसे सीधे खा सकते हैं। अगर आंवला खाने में परेशानी हो रही है, तो आप इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर भी खा सकते हैं। इसके अलावा आप आंवले का जूस भी निकालकर पी सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि जूस निकालते वक्त फल का गूदा अलग कर दिया जाता है, तो इसमें मौजूद फाइबर की मात्रा कम हो सकती है। इसलिए जूस बनाने का तरीका भी इसके पोषक तत्वों पर असर डालता है। जो लोग फ्रेश आंवला आसानी से नहीं खरीद सकते, उनके लिए आंवले का पाउडर एक आसान विकल्प हो सकता है। ध्यान रखें कि पाउडर बनाते वक्त आंवले को अच्छी तरह सुखाया जाता है। आंवले को सुखाने के दौरान इसमें मौजूद विटामिन सी की मात्रा कम हो सकती है। इसलिए अगर आपको फ्रेश आंवला आसानी से मिल रहा है, तो फल का ही सेवन करना बेहतर विकल्प हो सकता है।

आंवले का जूस उन लोगों के लिए सही विकल्प हो सकता है, जो फल के रूप में आंवला नहीं खा सकते। इसके अलावा आप आंवले की कैंडी और मुरब्बा बनाकर भी खा सकते हैं। हालांकि, इनका सेवन सीमित मात्रा में करें। आप एक से दो टुकड़े ही खाएं, क्योंकि इनमें चीनी की मात्रा ज्यादा हो सकती है।

5379487