Sawan Cooking Tips: सावन के महीने में ज्यादातर घरों में प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। ऐसे में कई लोगों को बिना प्याज-लहसुन का खाना बेस्वाद लगता है। अगर आप भी ऐसा ही महसूस करते हैं, तो आपको बता दें कि कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप बिना प्याज और लहसुन के भी स्वादिष्ट खाना बना सकते हैं। आइए जानते हैं इन आसान टिप्स के बारे में।
जानें सब्जी को टेस्टी बनाने के टिप्स
बहुत से लोगों को लगता है कि बिना प्याज और लहसुन के सब्जी स्वादिष्ट नहीं बनती। लेकिन अगर आप सही मसालों का इस्तेमाल करें और सही समय पर तड़का लगाएं, तो आपका खाना बेहद स्वादिष्ट बन सकता है। सही तरीके से मसाले भूनने से भी सब्जी का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है।
सब्जी में तड़का लगाने के लिए सबसे पहले तेल या घी को अच्छी तरह गर्म करें। इसके बाद इसमें जीरा डालें और हल्का भून लें। फिर इसमें एक चुटकी हींग डालें। हींग खाने का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ा देती है।
अब इसमें अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद टमाटर डालकर मसाले को अच्छी तरह पकाएं। फिर इसमें धनिया पाउडर, काली मिर्च पाउडर, गरम मसाला, जीरा पाउडर और कसूरी मेथी डाल सकते हैं। अगर आप टमाटर को पीसकर इस्तेमाल करेंगे, तो सब्जी की ग्रेवी और भी स्वादिष्ट बनेगी।
अगर आप सब्जी का रंग और स्वाद बढ़ाना चाहते हैं, तो लाल मिर्च पाउडर का इस्तेमाल करें। वहीं, सब्जी तैयार होने के बाद आखिर में एक चम्मच घी डालने से उसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
अगर आप सब्जी में हल्का खट्टापन चाहते हैं, तो दही का इस्तेमाल कर सकते हैं। दही डालने के बाद मसाले को अच्छी तरह भूनें। इससे सब्जी का स्वाद अलग और लाजवाब हो जाता है।
यह भी पढ़ें- Evening Snacks Recipe: शाम की भूख के लिए बनाएं आलू-सूजी का कुरकुरा और टेस्टी नाश्ता
आलू की सब्जी बनाते समय आखिर में अमचूर पाउडर और कसूरी मेथी जरूर डालें। इससे स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। अगर आप भिंडी बना रहे हैं, तो उसमें कुछ बूंदें नींबू के रस की डाल दें। ऐसा करने से भिंडी चिपचिपी नहीं होगी और प्याज की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
लौकी की सब्जी बनाते समय अदरक और हरी मिर्च का इस्तेमाल करें। वहीं, बैंगन की सब्जी में मूंगफली या तिल का पाउडर मिलाने से उसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है। आखिर में कसूरी मेथी डालकर सब्जी को अच्छी तरह मिलाएं। इससे खाने में बेहतरीन खुशबू और स्वाद आएगा।









