Bollywood Actor Rituraj Singh: मशहूर एक्टर ऋतुराज सिंह का 59 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। 19 फरवरी को उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके चलते उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई थ। ऋतुराज सिंह ने अपने करियर में कई यादगार और दमदार भूमिकाएं निभाईं, और उनके निधन की खबर ने फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया था।
सोशल मीडिया पर लगातार उनके चाहने वाले दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि अर्पित किया। ऋतुराज सिंह को फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया में वरुण धवन के पिता की भूमिका के लिए विशेष रूप से जाना जाता था।
कौन थे ऋतुराज सिंह?
उनका पूरा नाम ऋतुराज सिंह चंद्रावत सिसोदिया था। उनका जन्म राजस्थान के कोटा में हुआ था। ऋतुराज ने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली में पूरी की और काफी कम उम्र में अमेरिका चले गए थे। हालांकि, 12 साल की उम्र में वह भारत वापस लौट आए। 1993 से वह मुंबई में रह रहे थे।
ऋतुराज ने 12 साल तक दिल्ली में बैरी जॉन के थिएटर एक्शन ग्रुप (TAG) के साथ थिएटर किया था। इसके बाद, उन्होंने टीवी गेम शो तोल मोल के बोल में बतौर होस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा, उन्होंने ज्योति, हिटलर दीदी, शपथ, वॉरियर हाई, आहट, अदालत, अनुपमा, दीया और बाती हम, और ये रिश्ता क्या कहलाता है जैसे लोकप्रिय टीवी शो में भी काम किया।
ऋतुराज सिंह की फिल्में और वेब सीरीज
ऋतुराज सिंह ने सिर्फ टीवी ही नहीं, बल्कि फिल्मों में भी अपने अभिनय से लोगों को प्रभावित किया। उन्होंने बद्रीनाथ की दुल्हनिया, यारियां 2, थुनिवू, सत्यमेव जयते 2, और वश जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया। साथ ही, वह कुणाल खेमू की वेब सीरीज अभय, बंदिश बैंडिट, क्रिमिनल जस्टिस, मेड इन हैवन, नैवर किस यॉर बेस्टफ्रेंड, हे प्रभु, और द टेस्ट केस में भी अहम भूमिकाओं के लिए मशहूर थे।
ऋतुराज सिंह का निधन कैसे हुआ?
उनके करीबी दोस्त अमित बहल ने उनके निधन की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि ऋतुराज सिंह कुछ समय से पैंक्रियाज की बीमारी से पीड़ित थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। दुर्भाग्यवश, इसी दौरान उनका निधन हो गया।

			
			
			
			
			
			
			
			
			
			
			
			
			
			
			
			
    
        
        








