rajasthanone Logo
Diwali 2026: दिवाली पर आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए नगर निगम अलर्ट मोड पर है। इसके लिए 12 फायर स्टेशनों पर दमकल मुस्तैद रहेंगे।

 Diwali 2026: दिवाली पर आतिशबाजी के दौरान आगजनी की घटनाओं से निबटने के लिए नगर निगम की अग्निशमन शाखा को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आपको बता दें कि निगम ने शहर के सभी फायर स्टेशनों पर अग्निशमन वाहनों के साथ आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की है। आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने के लिए एडवाइजरी जारी की है। निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान कोई अनहोनी नहीं हो, इसलिए अग्निशमन टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जयपुर नगर निगम ने जारी की एडवाइजरी

उपायुक्त फायर दुर्गा कुमारी ने बताया कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायर टीमों की तैनाती की गई है। शहर के 12 फायर स्टेशनों पर दमकल वाहन और कर्मचारी मुस्तैद रहेंगे। विद्याधर नगर, वैशाली नगर, मानसरोवर, मालवीय नगर, सांगानेर, शास्त्री नगर, त्रिवेणी नगर, ब्रह्मपुरी, रामगंज, माणक चौक और कोतवाली थाने सहित पुलिस आयुक्तालय, नगर निगम मुख्यालय पार्ट-1 और पार्ट-2 तथा यादगार पुलिस कंट्रोल रूम पर भी अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे।

आतिशबाजी करते समय इन बातों का रखें ध्यान

पटाखे खुले और सुरक्षित स्थान पर चलाएं। सूती एवं सुरक्षित कपड़े पहनें। ढीले, सिंथेटिक और ज्वलनशील कपड़ों से बचें।

बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें। पटाखे जलाने के लिए मोमबत्ती अथवा लंबी लकड़ी का उपयोग करें।

पटाखे जलाते समय पर्याप्त दूरी बनाए रखें।

घर, दुकानों, वाहनों और बिजली के

तारों के पास पटाखे न चलाएं।

रॉकेट और हवाई पटाखे खुले स्थान पर चलाएं। पटाखों को जेब में न रखें और जले हुए पटाखों को दोबारा न जलाएं। 

पानी से भरी बाल्टी और अग्निशमन यंत्र पास रखें। 

5379487