rajasthanone Logo
Rajasthan Education:एमडीएस यूनिवर्सिटी में नए प्रोफेशनल कोर्स शुरू होंगे। वहीं विद्यार्थी अंग्रेजी-संस्कृत पीजी समेत डेटा साइंस और योगा की पढ़ाई भी कर सकेंगे।

Rajasthan Education: एमडीएस यूनिवर्सिटी में नए शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों के लिए कई नए रोजगारोन्मुखी और नवाचार आधारित पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अंग्रेजी और संस्कृत विषयों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इसके साथ ही विज्ञान, प्रबंधन, फार्मेसी, योग और डेटा साइंस जैसे क्षेत्रों में भी नए कोर्स शुरू किए जाएंगे।

अधिकांश पाठ्यक्रमों में 20 से 60 सीटें निर्धारित

आपकी जानकारी के  लिए बता दें कि विश्वविद्यालय में एमए अंग्रेजी और एमए संस्कृत के अलावा बीएससी फूड साइंस एंड न्यूट्रिशन, बीएससी नेचुरोपैथी एंड योगा साइंस, योगा इंस्ट्रक्टर सर्टिफिकेट कोर्स, बीफार्मा, डीफार्मा, बीएससी ऑनर्स इन न्यूट्रिशन साइंस, सर्टिफिकेट कोर्स इन बर्डिंग, एमबीए, एमबीए डेटा साइंस और बीसीए जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। अधिकांश पाठ्यक्रमों में 20 से 60 सीटें निर्धारित की गई हैं।

भारतीय संस्कृति और बौद्धिक परंपरा से भी जुड़ेंगे विद्यार्थी

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप विश्वविद्यालय ऐसे कोर्स तैयार कर रहा है, जो विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के साथ भारतीय संस्कृति और बौद्धिक परंपरा से भी जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। विश्वविद्यालय ने रोजगारोन्मुखी और नवाचार आधारित स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स - में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि नए पाठ्यक्रमों का उद्देश्य रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और शिक्षा को अधिक व्यावहारिक बनाना है।

5379487