December Travel: दिसंबर के महीने में ठंड अच्छी-खासी होने लगती है। ऐसे में लोग सर्दियों की छुट्टियों में घूमने के लिए कई जगहों पर जाते हैं, जहां वे अपने परिवार और दोस्तों के साथ अच्छा समय बिता सकें। अगर आप भी दिसंबर के महीने में घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो राजस्थान आपके लिए बेस्ट डेस्टिनेशन हो सकता है। यहां आप एक तरफ जैसलमेर के सुनहरे रेगिस्तान में ऊंट की सवारी और कैंपिंग का मजा ले सकते हैं, तो वहीं उदयपुर की खूबसूरत झीलें और जयपुर के शाही महल आपका मन मोह लेंगे। इसके अलावा, आप यहां ऐतिहासिक किले, प्राचीन मंदिर, रंग-बिरंगे बाजार और स्वादिष्ट खाने का भी आनंद ले सकते हैं। आइए, आपको राजस्थान की कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताते हैं, जहां आप दिसंबर के महीने में घूमने जा सकते हैं।

जैसलमेर

जैसलमेर को गोल्डन सिटी के नाम से जाना जाता है। यह जगह थार रेगिस्तान के बीच स्थित अपने सुनहरे रेत के टीलों और खूबसूरत हवेलियों के लिए मशहूर है। यहां आप ऊंट की सवारी, रेगिस्तान सफारी और कैंपिंग का आनंद ले सकते हैं।

रणथंभौर

अगर आपको जंगल और वन्यजीवन देखना पसंद है, तो राजस्थान के सवाई माधोपुर में स्थित रणथंभौर जरूर घूमने जाएं। रणथंभौर नेशनल पार्क बाघों के लिए काफी मशहूर है। यहां जंगल सफारी के दौरान बाघों के अलावा कई अन्य जानवर और पक्षी भी देखने को मिल सकते हैं।

माउंट आबू

अगर आप पहाड़ों पर घूमना चाहते हैं, तो माउंट आबू आपके लिए एक बेहतरीन जगह है। यह राजस्थान का लोकप्रिय हिल स्टेशन है। यहां जाकर आप गुरु शिखर, नक्की झील और दिलवाड़ा जैन मंदिर जैसी खूबसूरत जगहों को देख सकते हैं।

बीकानेर

बीकानेर राजस्थान के खास पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां आप शहर की मशहूर भुजिया और स्वादिष्ट नमकीन का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा, बीकानेर में जूनागढ़ किला और लालगढ़ पैलेस जैसी ऐतिहासिक जगहों पर भी घूम सकते हैं।

जयपुर

दिसंबर में घूमने के लिए राजस्थान का मौसम काफी अच्छा माना जाता है। ऐसे में जयपुर जाना भी आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। जयपुर में आप आमेर किला, सिटी पैलेस, हवा महल और जंतर-मंतर जैसी प्रसिद्ध जगहों पर घूम सकते हैं।

रणकपुर

राजस्थान के खूबसूरत पर्यटन स्थलों में रणकपुर भी शामिल है।  यह जगह शानदार संगमरमर की नक्काशी और वास्तुकला के लिए जाना जाता है। दिसंबर के सुहावने मौसम में यहां घूमने का अलग ही आनंद मिलता है।