Best Market In Jaipur: ज्यादातर महिलाओं को शॉपिंग करना काफी ज्यादा पसंद होता है। ऐसे में वे चाहती हैं कि उन्हें ऐसी मार्केट मिल जाए, जहां वे सस्ते में ढेर सारे कपड़ों की शॉपिंग कर सकें। ऐसे में आपको कई मार्केट मिल जाएंगी, जहां आप थोक रेट में शॉपिंग कर सकते हैं। वहीं, अगर आप शादी के लिए शॉपिंग करना चाहते हैं, तो यह मार्केट आपके लिए बेहतर साबित हो सकती है। हम बात कर रहे हैं पुरोहित जी का कटला की। यह शादी की खरीदारी करने वालों के लिए सबसे बेहतरीन मार्केट्स में से एक है। यह शहर के सबसे पुराने थोक बाजारों में से एक माना जाता है। पुरोहित जी का कटला इतने सालों बाद भी अपने पारंपरिक बाजार की रौनक को बरकरार रखे हुए है।

शादी की शॉपिंग के लिए परफेक्ट जगह

यहां आपको ज्यादातर जयपुर के आसपास के इलाकों के स्थानीय ग्रामीण लोग देखने को मिल सकते हैं, क्योंकि इस मार्केट तक आमतौर पर टूरिस्ट नहीं पहुंच पाते हैं। यह चौड़ा रास्ता बाजार के भीतर छिपा हुआ थोक व्यापार का एक प्रमुख केंद्र है, जहां सबसे सस्ते सामानों की खरीदारी की जा सकती है। आज भी आसपास के गांवों के लोग यहां थोक में सामान खरीदने के लिए आते हैं। बाजार में एंट्री करते ही आपको दूर से शादी के कपड़ों की दुकानें दिखाई देने लगेंगी। बता दें कि इस बाजार में शहर की कुछ सबसे पारंपरिक दुकानें देखने को मिल जाती हैं। वहीं, यहां की सुंदर और आकर्षक गलियां आपका मन मोह लेंगी।

सबसे सस्ती और बेहतरीन शॉपिंग

यहां जाकर आप कच्चा माल, आभूषण, सजावटी सामान, खिलौने, बर्तन, पार्टी का सामान और घरेलू इस्तेमाल की कई चीजें आसानी से खरीद सकते हैं। यह शहर में शादी की खरीदारी का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां आपको खूबसूरत साड़ियों की भी शानदार रेंज मिल जाएगी। आप यहां ब्रोकेड और सूती साड़ियां आसानी से खरीद सकते हैं। इस मार्केट की खास बात यह है कि यहां से आप जयपुरी बंधेज, लहरिया और गोटा-पट्टी डिजाइन वाले कपड़ों की शॉपिंग बेहद कम कीमत पर कर सकते हैं। अगर आप भी कम बजट में ज्यादा शॉपिंग करना चाहती हैं, तो यह जगह आपके लिए बेस्ट साबित हो सकती है। ऐसे में जब भी आप जयपुर जाएं, तो इस बाजार से शॉपिंग करना बिल्कुल न भूलें।