Weather Alert: राजस्थान में मानसून की विदाई से पहले बारिश का दौर काफी तेज देखने को मिल रहा है। वहीं, पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र आज उत्तरी ओडिशा और झारखंड के ऊपर एक्टिव है। ऐसे में मानसून की ट्रफ लाइन अमृतसर और निजामाबाद से होते हुए इस कम दबाव के क्षेत्र तक गुजर रही है। वहीं, इसका प्रभाव राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में दिखाई दे रहा है। ऐसे में बारिश की गतिविधियों में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है।
राजस्थान के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश देखी गई
मौसम विभाग का कहना है कि जयपुर, कोटा, भरतपुर और अजमेर जिलों में बादल छाने के साथ हल्के से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। आपको बता दें, जयपुर, अलवर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर और बूंदी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर 26 अगस्त तक देखने को मिल सकता है। 27 अगस्त को भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। ऐसे में बीते दिन यानी सोमवार की बात करें तो राजस्थान के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश देखी गई।
बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिली
आपको बता दें, करौली में लगातार बारिश से पांचना बांध का जलस्तर बढ़कर 9.15 मीटर तक पहुंच गया है। वहीं, कई जगहों पर पानी भरने से सड़कें दरिया जैसी बन गई हैं। बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिली है। लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन जलभराव के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अगर पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो यहां मौसम का मिजाज अलग तरीके से देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में यहां मौसम की स्थिति कमजोर रह सकती है। इस दौरान यहां के कई जगहों का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।







