Water Supply Update: बिजली शटडाउन और लाइन मरम्मत की वजह से सोमवार यानी कल ब्यावर, किशनगढ़ और नसीराबाद के शहरी क्षेत्रों में पानी सप्लाई नहीं होगी। इसके साथ ही आपको बता दें कि अजमेर शहर में भी पानी की सप्लाई बाधित रहेगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह शटडाउन और मरम्मत का काम बीसलपुर परियोजना के चलते किया जा रहा है।
बीसलपुर परियोजना के मरम्मत कार्य का असर
परियोजना के अधिशाषी अभियंता विनोद यादव ने बताया कि बीसलपुर-अजमेर-पुष्कर पेयजल परियोजना के अंतर्गत चल रहे थडोली पम्प हाउस पर लगे खराब सीटीपीटी (CTPT) को बदलने के लिए जयपुर डिस्कॉम के टोडारायसिंह एईएन कार्यालय की ओर से कल (सोमवार) लगभग 4 से 5 घंटे का बिजली शटडाउन लिया जाना प्रस्तावित है।
लगभग 10 से 12 घंटे का समय लगेगा
इस शटडाउन अवधि के दौरान विभाग ने बीसलपुर-अजमेर पेयजल परियोजना के दूसरे चरण के अंतर्गत केकड़ी से नसीराबाद तक बिछाई गई 1600 मिमी व्यास की एम.एस. पाइपलाइन में ग्राम अजगरा के निकट वेल्डिंग लीकेज की मरम्मत का कार्य भी किया जाना प्रस्तावित है। जिसमे लगभग 10 से 12 घंटे का समय लगेगा।
कल पानी सप्लाई बंद रहेगी
प्रस्तावित शटडाउन के कारण लगभग 90 एमएलडी की कमी रहेगी। फलस्वरूप ब्यावर, किशनगढ़ एवं नसीराबाद के शहरी क्षेत्रों में कल पानी सप्लाई बंद रहेगी। इससे अजमेर शहर की जलापूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। ऐसे में लोगों को सलाह है कि पहले से पानी को स्टोर कर लें, ताकि परेशानी का सामना न करना पड़े।







