RPSC Chairman: राजस्थान के डीजीपी यूआर साहू को राजस्थान लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। यह नियुक्ति आदेश राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने जारी किया है। इस नियुक्ति के बाद से राजस्थान में अब डीजीपी का पद खाली हो चुका है और जल्द ही एक नए अधिकारी की नियुक्ति हो सकती है।
यूआर साहू का अब तक का कार्यकाल
साहू मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं। वे 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी है। उन्होंने 2024 से राजस्थान के डीजीपी का पद संभाला था और अपनी ईमानदारी और साफ सुथरी छवि से लोगों के दिलों में जगह बनाई। दरअसल ऐसा कहा जा रहा है कि राज्य की सार्वजनिक भर्ती प्रणाली में विश्वास और पारदर्शिता बनाने के लिए आरपीएससी में उनकी नियुक्ति की जा रही है। नियमों के मुताबिक आरपीएससी अध्यक्ष 62 वर्ष की आयु तक इस पद पर रह सकते हैं। साहू का जन्म 20 जून 1964 में हुआ था इस वजह से वह लगभग 1 वर्ष तक इस पद पर रहेंगे।
10 महीने के अंतराल के बाद भर गया पद
यह पद 10 महीने से रिक्त था। संजय श्रोत्रिय ने अगस्त 2024 को अपना कार्यकाल पूरा किया था। उसके बाद से आयोग के सदस्य कैलाश चंद मीना अंतरिम अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे थे। अब 10 महीने के लंबे इंतजार के बाद यह फैसला लिया गया है।
दरअसल साहू के लिए सबसे बड़ी चुनौती आरपीएससी में विश्वसनीयता वापस से बनाना है। सिर्फ इतना ही नहीं उन्हें जनता का विश्वास भी वापस से जीतना होगा। काफी वर्षों से आयोग पेपर लीक से लेकर पक्षपात, रिश्वतखोरी तक कई आरोप झेल चुका है और विवादों में घिरा है। अब साहू की नियुक्ति के बाद से काफी लंबे समय से सुधारों को शुरू किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- हंसराज गुर्जर ने बताये नींबू को दीमक से बचाने के उपाय, देशी तकनीक से मिली किसानों को राहत, जानें क्या है पूरी खबर