Ashok Chandna: राजस्थान में एक विधायक और पुलिस के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। ये मामला बूंदी के नैनवां का है, जहां हिंडोली विधायक अशोक चांदना और पुलिस अधिकारियों के बीच ऐसी कहासुनी हुई कि बात तू-तड़ाक तक पहुंच गई और देखते ही देखते इस मामले ने गंभीर रूप ले लिया। जिसके बाद अशोक चांदना और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई।
मामूली बात को लेकर छिड़ा विवाद
दरअसल, नैनवां पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के चलते गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा रखी थी, इसी दौरान विधायक अशोक चांदना अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें गाड़ी आगे ले जाने से रोका और निर्धारित जगह पर गाड़ी पार्क कर पैदल जाने को कहा। इसी बात पर विधायक और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस शुरू हो गई। इस दौरान नैनवां थाने के पुलिसकर्मी और विधायक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसी के साथ उन्होंने खुद से बैरिकेट्स शुरु कर दिए।
पुलिसकर्मियों पर भड़के अशोक चांदना
वायरल वीडियो में अशोक चांदना पुलिसकर्मियों से कहते सुनाई दे रहे हैं, 'तू कौन है? तेरे पास रोकने का आदेश है क्या?' वहीं पुलिस अधिकारी भी इसका जवाब देते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मौके पर बूंदी एसपी भी पहुंचे और पूरे मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहस का वीडियो कैमरे में कैद हो चुका था। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिस कारण लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।
इसी के साथ हाड़ौती की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में सवाल ये है कि आखिर चुनावी व्यवस्था के दौरान एक गाड़ी को रोकने की बात इतनी आगे कैसे बढ़ गई? हालांकि, पूरे मामले की आधिकारिक जांच और संबंधित पक्षों का बयान सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी।






