Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहे हैं। बताया जा रहा है कि उत्तर भारत से आ रहे उच्च दबाव की वजह से सर्दी में तेजी देखने को मिल रही है। वहीं, बीते दिन अजमेर, बूंदी, कोटा और उनके आसपास के इलाकों में शीतलहर का असर देखने को मिला। शीतलहर की वजह से इन जगहों पर रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया है। ऐसे में यहां तेज सर्दी की शुरुआत हो चुकी है।
इन जिलों में शीतलहर और कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग का कहना है कि इन जगहों पर आने वाले 2 दिनों तक कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही इन दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मौसम विभाग द्वारा 27 नवंबर यानी आज के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले दिन की बात करें तो राजस्थान में मौसम साफ रहा और दिन में धूप देखने को मिली। इसके साथ ही अलवर, भरतपुर, झुंझुनूं और आसपास के इलाकों में सुबह-सुबह हल्का कोहरा रहा। वहीं, सीकर, गंगानगर, पिलानी, जयपुर, बाड़मेर समेत कई शहरों में तापमान में भी गिरावट देखने को मिली।
जानें किन जिलों में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, सीकर के पास फतेहपुर में सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सीकर में भी तेज सर्दी देखने को मिली। यहां का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, नागौर में 6.1 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 7.6 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 7.4 डिग्री सेल्सियस, टोंक में 7.8 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 8.5 डिग्री सेल्सियस और अलवर में 8.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान में आने वाले एक हफ्ते तक मौसम साफ रह सकता है। इस दौरान कुछ शहरों के न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में रात के समय सर्दी और तेज हो सकती है।






