BTU Exam Update: बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा इस बार परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था बदल दी गई है। वहीं राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अजमेर (ईसीए) के बीटेक 5वें और 7वें - सेमेस्टर के करीब 900 विद्यार्थी अपने ही कॉलेज में परीक्षा देंगे। वहीं महिला इंजीनियरिंग कॉलेज और शहर के दो निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थी भी इसी केंद्र पर परीक्षा देंगे। बता दें कि परीक्षाएं गुरुवार से शुरू होंगी। पिछले करीब पांच साल से ईसीए के बीटेक विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र महिला इंजीनियरिंग कॉलेज रहता था। इस बार महिला इंजीनियरिंग कॉलेज को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। उसकी छात्राएं परीक्षा देने ईसीए आएंगी। विल्फ्रेड कॉलेज और आर्यभट्ट कॉलेज के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र भी पहले की तरह ईसीए ही रहेगा। यानी इस बार चारों संस्थानों के विद्यार्थियों की परीक्षाएं ईसीए परिसर में होंगी।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ईसीए में बीटेक प्रथम वर्ष के नए विद्यार्थियों की कक्षाएं भी चल रही हैं। ऐसे में कॉलेज प्रशासन को परीक्षा और नियमित कक्षाओं के संचालन के बीच तालमेल करना पड़ रहा है। वहीं, कॉलेज के तीन भवनों में से दो परीक्षा के लिए आरक्षित किए गए हैं। प्रथम वर्ष की कक्षाएं तीसरे भवन में शिफ्ट की गई हैं। परीक्षा और कक्षाएं एक साथ चलने से कॉलेज परिसर में व्यवस्थाओं का दबाव बढ़ गया है।
पहली बार तात्कालिक व्यवस्थाः प्रिंसिपल
ईसीए के प्रिंसिपल डॉ. आरके मोटवानी ने बताया कि पहली बार तात्कालिक व्यवस्था के तौर पर कॉलेज के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र उनके अपने कॉलेज में ही रखा गया है। बीटीयू की ओर से मिले आदेश के अनुसार ही व्यवस्था की गई है। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की कक्षाएं अलग भवन में संचालित करवाई जा रही हैं। महिला इंजीनियरिंग कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. प्रकृति त्रिवेदी ने भी बताया कि इस बार उनके कॉलेज में ईसीए का परीक्षा केंद्र नहीं है। कॉलेज की छात्राएं परीक्षा देने ईसीए जाएंगी।







