Shooting Range Development: राजस्थान में शूटिंग खेलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी है। जयपुर की जगतपुरा शूटिंग रेंज का पुनरुद्धार कर इसे नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। राजस्थान स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल (आरएसएससी) की ओर से तैयार विकास योजना में आधुनिक शूटिंग सुविधाओं के साथ खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आवास और स्पोर्ट्स साइंस से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा संचालन के लिए सालाना 4.91 करोड़ का खर्च प्रस्तावित है। राज्य बजट 2025-26 में जयपुर में आवासीय सुविधा सहित शूटिंग रेंज विकसित करने की घोषणा की गई थी। जगतपुरा रेंज में 2025 के खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की शूटिंग स्पर्धाएं भी आयोजित हुई थीं। अब सितंबर में तैयार करीब 109 करोड़ की पुरानी योजना को संशोधित कर उपकरण निर्माता कंपनियों से तकनीकी परामर्श के बाद लागत और कार्यों का दायरा तय किया गया है।
जगतपुरा रेंज पर होगा करोड़ों का निवेश
परियोजना के लिए चार स्तरों पर फंडिंग की व्यवस्था प्रस्तावित है। राज्य सरकार के बजट से 20.71 करोड़, खेलो इंडिया (साई) से 41.60 करोड़, रीको एवं आरएसएमएमएल के सीएसआर सहयोग से हॉस्टल के लिए 2.20 करोड़ और आरएसएससी अपने बजट से 7.21 करोड़ खर्च करेगी। रीको और आरएसएमएमएल से 35 विशेषज्ञ एवं सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए तीन साल में 6.62 करोड़ का अतिरिक्त सीएसआर सहयोग भी मांगा जाएगा।
रेंज में बनेगा 280 बेड का हॉस्टल
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि योजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा 10, 25 और 50 मीटर रेंज में 91 नई इलेक्ट्रॉनिक टारगेट लेन स्थापित करना है। इससे यहां उपलब्ध लेन की संख्या बढ़कर क्रमशः 80, 30 और 32 हो जाएगी। इन सिस्टम को अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खेल महासंघ के फेज-3 मानकों के अनुरूप लगाया जाएगा। मौजूदा रिजल्ट और टाइमिंग सिस्टम से भी इन्हें जोड़ा जाएगा। आधुनिक फाइनल्स हॉल, 25 मीटर प्रैक्टिस रेंज, जिम, स्पोर्ट्स साइंस एवं मेडिसिन सेंटर, रिकवरी सुविधाएं और रेंज भवनों का नवीनीकरण होगा। खिलाड़ियों के लिए 280 बेड का हॉस्टल भी बनेगा।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Politics: चूरू में राजेंद्र राठौड़ की बहू बनीं जिला प्रमुख, ब्यावर में बहुमत के बावजूद भाजपा हारी
इस परियोजना के पूरा होने के बाद जगतपुरा शूटिंग रेंज में खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, आवास और खेल विज्ञान से जुड़ी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की योजना है। इससे जयपुर को राष्ट्रीय स्तर पर शूटिंग प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिल सकती है।







