Hospital Accident Rajasthan: राजस्थान के सबसे बड़े सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर में एक जर्जर इमारत का छज्जा गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। वहीं घायल का ट्रॉमा सेंटर में इलाज किया गया, जिसके बाद उसे छुट्टी दे दी गई। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हादसा शनिवार को दोपहर करीब 3 बजे हुआ।
वहीं बताया जा रहा है कि चरक भवन के पास बने डॉक्टर्स सेमिनार हॉल की बिल्डिंग का कुछ हिस्सा जर्जर हो चुका है, जिसके चलते इसके उपयोग को सीमित कर दिया गया था। शनिवार को जब छज्जे का हिस्सा गिरा तो बाहर 2 व्यक्ति सो रहे थे, जिनके ऊपर मलबा गिर गया। मलबे में दबने से दोनों व्यक्ति घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। मृतक का नाम सागर (40) निवासी केकड़ी बताया जा रहा है।
हॉस्पिटल में तैनात सुरक्षा गार्डों ने बताया कि ये दोनों व्यक्ति खाना खाने के बाद इस बिल्डिंग के पास सो गए थे। इसी दौरान बिल्डिंग के छज्जे का मलबा इन पर गिर गया। घायल बाबूलाल ने बताया कि हॉस्पिटल के पास भंडारा लग रहा था, वहां पर मैंने और सागर ने खाना खाया। फिर बिल्डिंग की नीचे छाया में आकर सो गए थे। तभी अचानक जोर से हम पर पत्थर और मलबा गिरा। सागर के बहुत ज्यादा चोट आई थी। वो मेरे गांव का ही रहने वाला था।








