RSSB Latest Update: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने समान पात्रता परीक्षा (CET) 2026 की तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं इस बार CET के नियमों और परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव किया जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक इस बार सीईटी में नेगेटिव मार्किंग लागू की जाएगी। इसके साथ ही CET स्नातक स्तर की परीक्षा नवंबर 2026 और सीनियर सेकंडरी स्तर की परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित होगी।
CET सर्टिफिकेट की वैधता बढ़ाकर 3 साल कर दी गई
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस परीक्षा को पास करने वाले युवाओं के लिए ही राज्य की लगभग 19 से 23 बड़ी भर्तियों का रास्ता खुलेगा। इनमें पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी (VDO), कनिष्ठ लेखाकार, एलडीसी, प्लाटून कमांडर, छात्रावास अधीक्षक और पुलिस कॉन्स्टेबल जैसी भर्तियां शामिल हैं। आपको बताते चलें कि CET सर्टिफिकेट की वैधता सिर्फ 1 साल थी। वहीं इसे अब बढ़ाकर 3 साल कर दिया गया है। इससे 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को फायदा मिलेगा।
यह भी पढ़ें- RPSC SI Exam 2021: राजस्थान SI भर्ती परीक्षा फिर से 20 सितंबर को, आयोग ने जारी की नई गाइडलाइन
वहीं, पात्रता के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक लाना जरूरी रहेगा। CET-2024 की वैधता फरवरी 2026 में खत्म हो चुकी है। इससे स्नातक स्तर के 8.78 लाख और सीनियर सेकंडरी स्तर के 9.17 लाख अभ्यर्थियों की पात्रता खत्म हो गई थी। इसके बाद से नई CET परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में लगातार संशय बना हुआ था, जिसे अब बोर्ड ने साफ कर दिया है। बता दें कि राजस्थान में कई बड़ी भर्तियां फिलहाल CET पात्रता के बिना अटकी हुई हैं।
इनमें पटवारी, VDO, एलडीसी, महिला पर्यवेक्षक, उपजेलर, छात्रावास अधीक्षक ग्रेड-द्वितीय और पुलिस कांस्टेबल जैसी भर्तियां शामिल हैं। CET-2026 आयोजित होने के बाद इन भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी आने की उम्मीद है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि इस बार CET का स्तर पहले की तुलना में ज्यादा कठिन रखा जाएगा। कोशिश रहेगी कि लगभग 3 से 4 लाख अभ्यर्थी ही पात्र हों।