Rajasthan Roadways: रक्षाबंधन के मौके पर राज्य की महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। बता दें कि पूरे राजस्थान रोडवेज की बसों में महिलाएं और लड़कियां फ्री यात्रा कर सकेंगी। यह आदेश आज रात 12 बजे से 29 अगस्त रात 11.59 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान राजस्थान की सीमा में सफर करने वाली महिलाओं और बालिकाओं से बस किराया नहीं लिया जाएगा।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 28 और 29 अगस्त को यात्रा करने वाली महिलाएं पहले से सीट का रिजर्वेशन भी करा सकेंगी। इससे रक्षाबंधन पर बढ़ने वाली भीड़ के दौरान सीट को लेकर परेशानी से बचा जा सकेगा। वहीं फ्री सफर की सुविधा रोडवेज की सामान्य बसों में मिलेगी। एसी वोल्वो और अखिल भारतीय परमिट पर चलने वाली बसों में महिलाओं को सामान्य किराया देना होगा।
मुफ्त यात्रा की सुविधा केवल राजस्थान की सीमा के अंदर लागू होगी। राजस्थान से दूसरे राज्यों में जाने वाली बसों में राज्य की सीमा से बाहर की यात्रा का किराया देना होगा। राजस्थान की सीमा के अंदर सफर करने पर पात्र महिलाओं और बालिकाओं से किराया नहीं लिया जाएगा। वहीं डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने रक्षाबंधन पर महिला कर्मचारियों को तोहफा दिया। नॉर्थ इलाके में पदस्थापित सभी महिला पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों का रक्षाबंधन पर अवकाश स्वीकृत किया गया है।









