rajasthanone Logo
Civil Defence: राजस्थान में हजारों युवा राज्य की नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन प्रयासों में भाग लेने के लिए सिविल डिफेंस वालंटियर के रूप में पंजीकरण कर रहे हैं। आईए जानते हैं इससे संबंधित मुख्य जानकारी।

Civil Defence:  राजस्थान में एक बड़ा परिवर्तन देखने को मिल रहा है। दरअसल हजारों युवा राज्य की नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन प्रयासों में सक्रिय रूप  से भाग ले रहे हैं। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि राज्य के 32 जिलों में डेढ़ लाख से अधिक युवा और लगभग पच्चीस हजार महिलाएं स्वयं सेवा कर रही है।  यें युवा ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करके परिवर्तन के एजेंट बन रहे हैं।

जमीनी स्तर पर हो रहा बदलाव 

नेहरू युवा केंद्र संगठन जो कि भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त निकाय है, के तहत संचालित, पूरे राजस्थान में 16314 युवा मंडल बनाए गए हैं। इन संगठनों का राजनीति से कोई संबंध नहीं है और यें संगठन ग्रामीण क्षेत्रों में संवाद, सामूहिक निर्णय लेने और सामाजिक विकास के लिए मंच के रूप में कार्य कर रहे हैं। 
 उनके योगदान को मान्यता की वजह से ही 53 व्यक्तियों और 10 संगठनों को राष्ट्रीय युवा पुरस्कार मिले हैं। सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि 422 मंडलों ने उत्कृष्ट जिला युवा मंडल पुरस्कार भी अर्जित किया है। इसी के साथ 19 मंडलों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित भी किया गया है।

क्या है जिला स्तरीय प्रभाव 

जिले भर में पहुंच और उपलब्धियां काफी ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। जैसे कि अजमेर में पांच पुरस्कार विजेता मंडल है। इसी के साथ अलवर में 15, बांसवाड़ा में 17, भरतपुर में 26, बाड़मेर में 23, भीलवाड़ा में 23 और पाली में 25 युवा मंडलों को मान्यता दी गई है। इन सभी पुरस्कारों की वजह से इस बात पर रोशनी पड़ती है कि कैसे युवा समूह राजस्थान की सिविल सेवाओं और सार्वजनिक सुरक्षा में अपना योगदान दे रहे हैं। 

स्वयंसेवी बल का हो रहा निर्माण 

दरअसल मेरा युवा भारत पहल के तहत पुलिस, फायर डिपार्मेंट, अस्पताल और आपदा प्रतिक्रिया दल जैसी जरूरी सेवाओं का समर्थन करने के लिए युवा स्वयंसेवकों का एक डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। इस डेटाबेस को स्थानीय प्रशासन के साथ साझा किया जाएगा। इसके बाद जब भी कोई आपात स्थिति पैदा होती है तो प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को तेजी से जुटाया जा सकेगा। 

कैसे करें पंजीकरण 

राजस्थान में सिविल डिफेंस वालंटियर के रूप में पंजीकरण करने के लिए माई भारत पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करें। इसके अलावा आप अपने जिले के नागरिक सुरक्षा कार्यालय या फिर जिला कलेक्टर या प्रखंड विकास अधिकारी कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।

इसे भी पढ़े:-Farmer Schemes: राजस्थान में पीएम कृषि सिंचाई योजना को बढ़ावा, केंद्र से 16.50 करोड़ के लिए मिली स्वीकृत

 

5379487