Rajasthan Weather: राजस्थान में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही अधिकांश शहरों में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। वहीं, दिन में धूप निकलने के कारण गर्मी महसूस हो सकती है, लेकिन सुबह और रात के समय मौसम ठंडा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि 24 अक्टूबर के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते राजस्थान के कुछ हिस्सों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

वहीं, आज जयपुर में आसमान साफ रहने के साथ धूप निकल सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जयपुर में फिलहाल बारिश की संभावना बहुत कम नजर आ रही है। दोपहर में धूप की वजह से गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। बुधवार की बात करें तो राजस्थान के सबसे गर्म शहरों में बाड़मेर शामिल रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही, जैसलमेर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 36.8 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो यहां मुख्य रूप से मौसम शुष्क रह सकता है। फिलहाल बारिश से राहत मिलने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों पर दिन के समय अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिस वजह से लोगों को गर्मी महसूस हो सकती है। कल यानी 23 अक्टूबर को भी राजस्थान में मौसम शुष्क रह सकता है। जयपुर में धूप खिली रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में राजस्थान के ज्यादातर जिलों में बारिश की संभावना बहुत कम नजर आ रही है। दिन के समय गर्मी, जबकि सुबह, शाम और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। ऐसे में फिलहाल राजस्थान में मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है।