Rajasthan Weather: राजस्थान में नवंबर का दूसरा सप्ताह चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद सर्दी का अहसास नहीं हो रहा है। दिन में तेज धूप की वजह से कई जगहों पर अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। वहीं, सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राजस्थान के सभी जिलों में मौसम साफ और शुष्क रह सकता है। इसके साथ ही किसी भी जगह पर बारिश होने की आशंका नहीं है। मौसम विभाग की ओर से फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। आपको बता दें कि राजस्थान में दिन का तापमान सामान्य से 1 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना हुआ है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। उदयपुर में दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह तक राजस्थान के मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके साथ ही जयपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। जयपुर के लोगों को सुबह और शाम के समय ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में अभी भी गर्मी का एहसास हो रहा है।
यह भी पढ़ें- Kidnapping Case: अजमेर में युवती लापता, पड़ोसी युवक पर गहने लेकर भागने का आरोप
तापमान में कोई गिरावट होने की उम्मीद नहीं
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर काफी ज्यादा देखने को मिल रहा है। यहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां देखने की संभावना नहीं है। वहीं, 14 और 15 नवंबर के आसपास उत्तरी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्के बादल छा सकते हैं। हालांकि, फिलहाल तापमान में कोई गिरावट होने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में राजस्थान के लोगों को कड़ाके की सर्दी का अहसास होने के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।