Rajasthan Weather: राजस्थान में दो तरह के मौसम देखने को मिल रहे हैं। जहां एक तरफ भीषण गर्मी और लू के चलते लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ पूर्वी हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार के लिए 6 जिलों में हीटवेव और 4 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर रहा
आपको बता दें कि लगातार दूसरे दिन भी श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही पिलानी में 44.5 डिग्री और बीकानेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं कई इलाकों में दिनभर गर्म हवाओं का दौर जारी रहा। राजस्थान के कुछ जिलों में शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिला। अलवर, भरतपुर और हनुमानगढ़ में धूल भरी आंधी और बारिश देखने को मिली। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
राजस्थान को गर्मी राहत मिलने की उम्मीद
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है, जिसका असर राजस्थान के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा। ऐसे में 11 से 14 जून तक तेज आंधी, बादल गरजने और बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना जताई जा रही है। अगर जयपुर की बात करें तो यहां का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। दिनभर तेज धूप और उमस के चलते लोगों को काफी परेशानी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 2 दिनों तक पश्चिमी राजस्थान में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है। वहीं 11 जून के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राजस्थान को गर्मी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बारिश और आंधी के चलते किसानों को परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।










