Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। राजस्थान में शुक्रवार को शीतलहर का असर कम रहा। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि तेज धूप रहने और हवाओं की गति कम होने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इसके साथ ही बाड़मेर, जैसलमेर समेत कई शहरों का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
जानें मौसम विभाग का ताजा अपडेट
मौसम विभाग के मुताबिक, फतेहपुर, सीकर, चूरू और टोंक समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है। वहीं, शुक्रवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़, श्रीगंगानगर और भीलवाड़ा समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। ऐसे में इन जगहों पर दिन में सर्दी से लोगों को राहत मिली है।
कई शहरों में बढ़ा तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया। वहीं, श्रीगंगानगर में 31.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 31.2 डिग्री, जोधपुर में 31.0 डिग्री और जैसलमेर में 30.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजस्थान का सबसे ठंडा क्षेत्र फतेहपुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही सीकर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस, नागौर में 6.4 डिग्री, टोंक में 8.0 डिग्री और भीलवाड़ा में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जानकारी के मुताबिक, राजस्थान में आने वाले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रह सकता है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में दिन के समय अच्छी धूप निकलेगी, जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिल सकती है।







