rajasthanone Logo
Rajasthan Weather: राज्य में 11-12 अक्टूबर से मौसम बदलने की आंशका जताई जा रही है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ से बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। ऐसे रात में ठंड बढ़ने की संभावना है।

Rajasthan Weather: राज्य में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलने वाला है। आपको बता दें कि 11 और 12 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, इस बदलाव के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके बाद 12 अक्टूबर से राजस्थान में रात के समय ठंड और भी बढ़ सकती है। वहीं, शेखावाटी और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है।

राजस्थान में दिन में गर्मी, रात में ठंड का असर

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 11 और 12 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में मौसम बदलने की संभावना है। कुछ जगहों पर बादल छाए रहेंगे, तो वहीं कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद राजस्थान के तापमान में गिरावट हो सकती है। दिन के समय भी तापमान में गिरावट होने से लोगों को ठंडक महसूस हो सकती है। वहीं, बीते दिन की बात करें तो राजस्थान में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। राजस्थान के ज्यादातर शहरों में मौसम साफ रहा। झुंझुनू के पिलानी में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, शेखावाटी समेत कई जगहों पर रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। सुबह और रात के समय लोगों को हल्की-हल्की ठंड भी महसूस होने लगी है।

यह भी पढ़ें- Jaipur Security: बम ब्लास्ट और अग्निकांड की जांच होगी तेज, जयपुर में 6 महीने में तैयार होगा एक्सप्लोसिव सेंटर

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राजस्थान में अब कई शहरों में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं, सिरोही और माउंट आबू में काफी ठंड होने लगी है। इन इलाकों का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। फतेहपुर, भीलवाड़ा और उदयपुर में भी रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में राजस्थान में मुख्य रूप से मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान ज्यादातर शहरों का अधिकतम तापमान 30 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की आशंका है। ऐसे में दिन के समय लोगों को गर्मी महसूस होगी, जबकि रात के समय हल्की-हल्की ठंड का असर जारी रह सकता है।

5379487