rajasthanone Logo
Metro Parking Facility: मेट्रो स्टेशन पहुंचना आसान होगा। 490 वाहनों की पार्किंग की मिलेगी सुविधा। आइए जानते हैं पूरी खबर।

Metro Parking Facility: मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग में वाहन खड़ा करना यात्रियों की जेब पर भारी पड़ रहा है। मानसरोवर और न्यू आतिश मार्केट मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में दोपहिया वाहनों से 8 घंटे तक के लिए निर्धारित 5 रु. की जगह 20 रु. वसूलने के आरोप हैं। बता दें कि दोनों स्टेशनों की पार्किंग में 350 बाइक, 120 कारें और 10 से 20 बसें खड़ी होती हैं। हैरानी की बात यह है कि पार्किंग की पर्ची पर भी निर्धारित शुल्क 5 रु. लिखा होता है, लेकिन कर्मचारी इसे मिटाकर 20 रु. वसूलते हैं। विरोध करने पर यात्रियों से अभद्रता करते हैं और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। मेट्रो से आगे सफर करने की जल्दबाजी और दूसरे विकल्प के अभाव में यात्री मजबूरन अतिरिक्त राशि देकर निकल जाते हैं। इतना ही नहीं, वाहन निकालते समय कर्मचारी पार्किंग की पर्ची वापस लेकर फाड़ देते हैं।

जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 2 जून 2025 को मानसरोवर और न्यू आतिश मार्केट मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग के संचालन के लिए टेंडर जारी किया था। इसके पेज नंबर 22 पर दर्ज दरों के अनुसार 8 घंटे तक दोपहिया वाहन की पार्किंग का शुल्क 5 रु. और कार का 15 रु. तय है। वहीं, पेज नंबर 55 के क्लॉज 2.1.13 में स्पष्ट है कि पार्किंग संचालक स्वीकृत दरों से अधिक राशि नहीं वसूल सकता। अधिक वसूली की शिकायत प्रमाणित होने पर ठेका तक निरस्त किया जा सकता है। नियमों के मुताबिक पार्किंग स्थल पर प्रमुख स्थान पर रेट लिस्ट लगाना जरूरी है, ताकि वाहन चालकों को निर्धारित शुल्क की जानकारी मिल सके। लेकिन दोनों मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग में रेट लिस्ट नहीं लगाई गई है।

आपको बता दें कि शुल्क की जानकारी नहीं होने से यात्री मनमानी वसूली का शिकार हो रहे हैं। जयपुर मेट्रो के ईडी कॉरपोरेट अफेयर्स संजय बंसल ने मानसरोवर और न्यू आतिश मार्केट मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली के मामले में कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी। अगर ज्यादा वसूली हो रही है तो कार्रवाई की जा सकती है।

5379487