Rajasthan Weather: राज्य में गर्मी का का असर दिखने लगा है। वहीं राज्य में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में भीषण लू देखने को मिल रही है, वहीं दूसरी तरफ पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश और आंधी देखने को मिल रही है।मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले चार दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है।
सीमावर्ती इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया
पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। वहीं जैसलमेर के अधिकतम तापमान की बात करें तो वहां का तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन माना जा रहा है। इसके साथ ही बाड़मेर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस और फलोदी में 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं मौसम विभाग द्वारा बीकानेर और जोधपुर संभाग के सीमावर्ती इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि इन इलाकों में आने वाले दो दिनों के भीतर हीटवेव का दौर शुरू हो सकता है।
बादल गरजने के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका
वहीं राज्य में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बताया जा रहा है कि अजमेर, टोंक, जयपुर, सवाई माधोपुर, करौली, बूंदी और कोटा जैसे इलाकों में बादल गरजने के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि अचानक मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम खुशनुमा हो सकता है। इसके साथ ही तेज हवाओं को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।









