Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून इस समय सक्रिय है। प्रदेश की राजधानी जयपुर, उदयपुर, कोटा, और भरतपुर संभाग समेत कई जगहों पर जमकर बरसात हुई है। आज राजस्थान के बांसवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, सलूंबर, उदयपुर और प्रतापगढ़ में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के 31 जिलों में आंधी बारिश का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर में सोमवार का दिन उमस से भरा रहा लेकिन शाम में हल्की बरसात हुई है। वहीं इस दौरान राजस्थान के सीकर के श्रीमाधोपुर में सर्वाधिक 75 मिमी बरसात दर्ज की गई है।
बारिश से कई जगह सड़कों पर भरा पानी
आपको बता दें कि बारिश होने से सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं जयपुर के मानसरोवर में सड़क धंस गईं, जिसकी वजह से सड़क जाम हो गया और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं बड़ी मशक्कत करने के बाद जाम से राहत मिली।
अभी कुछ दिनों तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक राजस्थान में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान दक्षिण पूर्वी जिलों में भारी बारिश की भी संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी भारत में बना डिप्रेशन अब दक्षिण-पूर्वी झारखंड और उत्तरी उड़ीसा के आसपास पहुंच गया है, इसका सीधा असर राजस्थान में भी देखने को मिल सकता है।