Rajasthan Weather: राजस्थान में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि राजस्थान में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और बदली हवाओं के रुख के चलते पूर्वी राजस्थान में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि 11 सितंबर को भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में गर्जन, वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से चेतावनी भी जारी की गई है।
वहीं, 12 से 16 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 13 और 14 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग के आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक बना हुआ है। इसके अलावा, उत्तर हरियाणा से बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र तक एक ट्रफ भी सक्रिय है, जो उत्तर प्रदेश और झारखंड से होकर गुजर रही है। ऐसे में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। जयपुर, टोंक, दौसा और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, 13 से 14 सितंबर को कोटा, बूंदी, झालावाड़ समेत हाड़ौती क्षेत्र में बारिश की तीव्रता बढ़ने की आशंका है। उदयपुर संभाग और दक्षिणी राजस्थान के कुछ इलाकों में भी कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।









