rajasthanone Logo
Rajasthan Weather: राज्य में आने वाले दिनों मानूसन की गतिविधियां तेज होने की आशंका जताई जा रही है। आइए जानते हैं मौसम का हाल।

Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 2 जुलाई से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर तेज हो सकता है। ऐसे में 2 से 5 जुलाई के बीच कई दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। वहीं, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण और पूर्वी राजस्थान में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। 1 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही बता दें कि 2 जुलाई के बाद मानसून और ज्यादा सक्रिय हो सकता है। ऐसे में कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज बादल गरजने के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग का कहना है कि जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में आने वाले दिनों में गर्जन के साथ हल्की से भारी बारिश का दौर बना रह सकता है। वहीं, आज और 1 जुलाई से बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की आशंका है। वहीं, अगर पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। जोधपुर और बीकानेर संभाग में आने वाले दो दिन तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके साथ ही बता दें कि यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। वहीं, नमी बढ़ने की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- Chambal Water Supply: कोटा ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट की जल व्यवस्था होगी मजबूत, 17.5 करोड़ की परियोजना पर काम शुरू

2 जुलाई के बाद बदलेगा मौसम

अगर बीते दिन यानी सोमवार की बात करें तो पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। बारिश की वजह से दक्षिण-पूर्वी जिलों में मौसम सुहावना हो गया। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में केवल हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे और तेज होंगी। वहीं, इसका सबसे ज्यादा असर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में देखने को मिल सकता है। ऐसे में यहां के तापमान में भारी गिरावट हो सकती है। लेकिन पश्चिमी राजस्थान में गर्मी और उमस का असर अभी कुछ दिन और बना रहने की संभावना है।

5379487