Rajasthan Weather News: राजस्थान में जल्द ही मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ सकता है। ऐसे में प्रदेश में सर्दी का असर तेजी से बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि बीकानेर संभाग में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क रहने के बाद अब बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में 14 और 15 नवंबर को कई क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

इसके साथ ही बीकानेर में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली बर्फीली और ठंडी हवाएं राज्य के मैदानी इलाकों को प्रभावित करेंगी। वहीं, हवा की दिशा बदलते ही रात के समय विकिरण जनित शीतलन तेज हो सकता है। ऐसे में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक की गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे प्रदेश में गुलाबी ठंड का असर बढ़ जाएगा।

मौसम संबंधी जानकारी के मुताबिक, 15 नवंबर के बाद अचानक सर्दी बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से पहले 20 नवंबर के बाद मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई थी, लेकिन तीसरे सप्ताह की शुरुआत में ही इस तरह के संकेत दिखाई देने लगे हैं।

सीकर और शेखावाटी क्षेत्र में अन्य इलाकों के मुकाबले सर्दी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस और सीकर में 10.09 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, दूसरी तरफ बाड़मेर की बात करें तो यहां तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में तापमान में संभावित गिरावट से पश्चिमी राजस्थान के लोगों को भी गर्मी से राहत मिल सकती है।