rajasthanone Logo
Rajasthan Weather: मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा। ऐसे में बारिश की गतिविधियां और भी तेज हो सकती हैं।

Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा  से राजस्थान के पश्चिमी भागों की ओर बढ़ रही है। ऐसे में राजस्थान के ज्यादातर जिलों में भारी बारिश, गर्जन और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई जा रही है। वहीं मौसम विभाग ने जोधपुर, पाली, सिरोही, जयपुर, भीलवाड़ा समेत कई जगहों पर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम के दौरान बड़े पेड़ों और होर्डिंग्स के नीचे न खड़े हों। तूफान के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें।

बताया जा रहा है कि इस समय अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के आपस में मिलने तथा राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने की वजह से मौसम में यह बदलाव हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन घंटों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। वहीं कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की भी आशंका जताई गई है, जिससे किसानों को नुकसान पहुंच सकता है।

तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर, पाली, सिरोही, जयपुर और भीलवाड़ा में मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहने वाला है। इन क्षेत्रों में मध्यम से तीव्र गर्जन, बिजली चमकने, बादल गरजने और भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं चल सकती हैं और धूल भरी आंधी भी आने की आशंका है। ऐसे में शहरी इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों, झोपड़ियों और टीन शेड को नुकसान पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने और बिजली के उपकरणों को अनप्लग करने की सलाह दी है।

कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका

अगर राजस्थान के उत्तरी भागों की बात करें तो नागौर, सीकर, टोंक, सवाई माधोपुर, कोटा, उदयपुर और जालौर समेत कई इलाकों के लिए भी मौसम विभाग ने अलग-अलग अलर्ट जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि इन जगहों पर हल्के से मध्यम गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2 से 3 दिनों में मानसून राजस्थान के पूरे हिस्से में प्रवेश कर लेगा। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

5379487