rajasthanone Logo
Rajasthan SET 2026: राजस्थान SET परीक्षा में बड़ा बदलाव किया गया है। परीक्षा की तारीख बदल दी गई है। वहीं इस बार 37 विषयों में परीक्षा होगी।

Rajasthan SET 2026:  राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) की परीक्षा तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह परीक्षा 6 सितंबर के बजाय 13 सितंबर 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव के साथ इस वर्ष दो नए विषय भी शामिल किए गए हैं। संशोधित शेड्यूल जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। परीक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही रहेंगी। कोटा यूनिवर्सिटी के कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि CTET परीक्षा को ध्यान में रखते हुए राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा-2026 की तारीख में बदलाव किया गया है। राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार इस साल राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (सेट-2026) के आयोजन की जिम्मेदारी कोटा विश्वविद्यालय को सौंपी गई है।

जानिए नया शेड्यूल और अहम बदलाव

इस साल राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) में जनसंचार एवं पत्रकारिता व संस्कृत (पारंपरिक) विषयों को पहली बार शामिल किया गया है। इसके साथ ही कोटा विश्वविद्यालय अब कुल 37 विषयों में परीक्षा आयोजित करेगा। कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि यह निर्णय यूजीसी नेट के विषयों के अनुरूप लिया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को इन दोनों विषयों को शामिल किए जाने के लिए कई आवेदन व मांग-पत्र प्राप्त हो रहे थे। विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन विषयों को जोड़ा गया है, जिससे प्रदेशभर के अभ्यर्थियों को अधिक विषयों में पात्रता परीक्षा देने का अवसर मिलेगा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके लिए नए अवसर उपलब्ध होंगे।

ऑफलाइन होगी परीक्षा

सेट-2026 का आयोजन यूजीसी नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप ऑफलाइन (OMR आधारित) पद्धति से किया जाएगा। परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे, जिनमें कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रथम प्रश्नपत्र में शिक्षण एवं शोध अभिक्षमता, तार्किक क्षमता तथा सामान्य बौद्धिक दक्षता से संबंधित 50 प्रश्न होंगे, जबकि द्वितीय प्रश्नपत्र में अभ्यर्थी द्वारा चयनित विषय से संबंधित 100 प्रश्न शामिल होंगे। दोनों प्रश्नपत्रों के लिए कुल 300 अंक निर्धारित किए गए हैं परीक्षा अवधि तीन घंटे होगी। परीक्षा में किसी प्रकार का नकारात्मक अंकन नहीं किया जाएगा और प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक प्रदान किए जाएंगे

5379487