Rajasthan Electric Buses: राजस्थान रोडवेज अपने बेड़े को आधुनिक, आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। रोडवेज प्रशासन दिसंबर 2026 तक 1567 नई बसों को फ्लीट में शामिल करने की तैयारी कर रहा है। खास बात यह है कि राजस्थान रोडवेज पहली बार 300 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद करेगा।
यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी
रोडवेज प्रशासन 500 बसों की सीधी खरीद और 767 बसों को जीसीसी मॉडल पर अनुबंध के जरिए शामिल करेगा। नई बसों के आने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही निजी बस ऑपरेटरों से प्रतिस्पर्धा में भी रोडवेज मजबूत होगा। पिछले कुछ समय में राजस्व लीकेज रोकने और संचालन व्यवस्था सुधारने से रोडवेज की आय में भी बढ़ोतरी हुई है। 200 बसें पिछले बजट घोषणा की हैं।
नई बसों से बदल जाएगा सफर का अनुभव
रोडवेज प्रशासन स्तर पर 300 इलेक्ट्रिक बसों का टेंडर फाइनल कर दिया गया है। मंजूरी मिलते ही खरीद प्रक्रिया शुरू होगी। ये बसें जयपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर, उदयपुर, भीलवाड़ा, टोंक, सवाईमाधोपुर, अलवर, भरतपुर, झुंझुनूं, चित्तौड़गढ़ और सिरोही सहित 16 शहरों के बीच चलाई जाएंगी। एक तरफा 300 किलोमीटर तक सफर तय करने में सक्षम ये बसें अगले 6 से 8 माह में मिलने की संभावना है। इस पहल से यात्रियों को आधुनिक और प्रदूषण मुक्त सफर का अनुभव मिलेगा, वहीं पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।










