Rajasthan Police Internship: विधि के विद्यार्थी अब अपराध से जुड़े कानूनी पहलुओं पर रिसर्च करेंगे, पुलिस का डेटा खंगालेंगे और रिपोर्ट तैयार करने में सहयोग देंगे। यह काम एलएलबी, एलएलएम के विद्यार्थियों और कानून के पीएचडी शोधार्थियों को राजस्थान पुलिस की एसओजी, एससीआरबी, अपराध शाखा, साइबर अपराध, यातायात और विधि शाखा सहित विभिन्न इकाइयों में करने का मौका मिलेगा। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने 'राजस्थान पुलिस
प्रशिक्षुता योजना' शुरू की है। हालांकि यह इंटर्नशिप पूरी तरह अवैतनिक होगी। योजना का उद्देश्य विधि विद्यार्थियों को पुलिसिंग और आपराधिक न्याय प्रणाली का व्यावहारिक अनुभव देना है। चयनित प्रशिक्षु कानूनी शोध, डेटा विश्लेषण और रिपोर्ट लेखन में पुलिस का सहयोग करेंगे। उन्हें फोरेंसिक विज्ञान, साइबर कानून और संबंधित कानूनी विषयों पर शोध और नीति विश्लेषण की प्रक्रिया समझने का भी मौका मिलेगा।
अंतिम वर्ष के विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
राजस्थान पुलिस प्रशिक्षुता योजना में आवेदन के लिए उम्मीदवारों का 12वीं कक्षा में 60% अंक होना जरूरी है। इसके साथ ही तीन वर्षीय एलएलबी विद्यार्थी, जो वर्तमान में अंतिम वर्ष (5वें या छठे सेमेस्टर) में पढ़ रहे हों और पिछले सभी सेमेस्टरों में कुल मिलाकर कम से कम 60% या समकक्ष अंक प्राप्त हों। साथ ही, 5 वर्षीय एकीकृत कानून विद्यार्थी (बीए एलएलबी/बीबीए एलएलबी /बी. कॉम एलएलबी आदि), जो वर्तमान में अंतिम वर्ष (9वें या 10वें सेमेस्टर) में अध्ययनरत हों तथा पिछले सभी सेमेस्टरों में कुल 60% या समकक्ष अंक प्राप्त हों। स्नातकोत्तर (एलएलएम/पीएचडी), एलएलएम के प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा दे चुके विद्यार्थी तथा कानून में पीएचडी कर रहे शोधार्थी पात्र होंगे। स्नातक (एलएलबी या एकीकृत कानून डिग्री) में कम से कम 60 या समकक्ष अंक प्राप्त होना जरूरी है। इंटर्नशिप न्यूनतम 45 दिन और अधिकतम तीन महीने की होगी।








