Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून की एंट्री तो हो चुकी है। लेकिन इसकी रफ्तार फिलहाल अभी धीमी चल रही है। गुरुवार को बीकानेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर में मानसून ने दस्तक तो दी, लेकिन इसका असर बहुत कम रहा। हनुमानगढ़ के अलावा ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। वहीं, पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने आज यानी 10 जुलाई को 6 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 11 जुलाई से मानसून के कमजोर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
11 जुलाई से बारिश में आएगी बड़ी कमी
मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में मानसून सिस्टम अब कमजोर पड़ रहा है। 11 जुलाई से राजस्थान में मानसून का कमजोर चरण शुरू होने की आशंका है, जिसका असर करीब एक सप्ताह तक रह सकता है। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों में बारिश कम देखने को मिलेगी। वहीं, ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। ऐसे में लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही आपको बता दें कि पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सामान्य रहेगा और बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की आशंका है।
यह भी पढ़ें- RPSC Senior Teacher Recruitment 2025: अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, 4 हजार से अधिक नए पद जोड़े गए
बीते दिन की बात करें तो सबसे ज्यादा बारिश अजमेर जिले के केकड़ी में दर्ज की गई, जहां 49 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ते ही राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलने लगी है। श्रीगंगानगर में बीते दिन 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, चित्तौड़गढ़ समेत कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। जुलाई जैसे मानसून के महीने में भी 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। इसके चलते लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।