Rajasthan Weather Update: राजस्थान में फिर से मानसून पूरी तरह से एक्टिव होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल तथा उत्तरी ओडिशा पर बने गहरे दबाव के क्षेत्र की वजह से राजस्थान में बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है। इसके साथ ही, मानसून ट्रफ लाइन इस समय अपनी सामान्य स्थिति से होकर दतिया और डाल्टेनगंज से गुजर रही है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक परिसंचरण तंत्र भी बना हुआ है।

कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 28 जुलाई से राजस्थान के ज्यादातर जिलों में मानसून आधारित बारिश हो सकती है। सोमवार को बीकानेर और जोधपुर संभाग में तेज बारिश देखने को मिली। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बाकी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। आपको बता दें कि आज से मानसून की गतिविधियां तेज होने की आशंका जताई जा रही है। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में अलवर, जयपुर, पाली, टोंक और उदयपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही, गरज-चमक की भी संभावना बताई गई है। 

यह भी पढ़ें- Rajasthan Jobs Update: राजस्थान सरकार की बड़ी भर्ती, 24,712 सफाई कर्मचारी पदों पर निकली वैकेंसी

मौसम विभाग का कहना है कि 30 जुलाई से 2 अगस्त तक मानसून की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में व्यापक स्तर पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने आमजन और किसानों को सलाह दी है कि तेज बारिश और आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और आवश्यक सावधानी बरतें।