Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून की रफ्तार में ब्रेक लग गया है। राजस्थान के खास हिस्सों में आने वाले चार से पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है। वहीं, उत्तर-पूर्वी राजस्थान में 23 अगस्त के दौरान एक बार फिर हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब और तीव्र होकर डिप्रेशन में परिवर्तित हो गया है । ऐसे में आने वाले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में आने वाले दो से तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी हो सकती है और साथ ही कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भरतपुर और जयपुर संभाग के जिलों में एक बार फिर हल्की से मध्यम बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। वहीं, बाकी जगहों पर मानसून की गतिविधियां कम ही रहेंगी। ऐसे में अगर पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो बीकानेर और जोधपुर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में आने वाले चार से पांच दिनों तक मानसून की परिस्थितियां कमजोर रहेंगी। वहीं, इन जगहों पर मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रह सकता है।
ऐसे में तापमान में बढ़ोतरी होने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक तेज और मूसलाधार बारिश होने की उम्मीद नहीं है। वहीं, 20 अगस्त के बाद उत्तर-पूर्वी और शेखावाटी बेल्ट में बारिश की वापसी होने की संभावना है। ऐसे में विभाग द्वारा किसानों को सलाह दी गई है कि वे आने वाले शुष्क दिनों का इस्तेमाल फसलों की निराई-गुड़ाई के कामों के लिए करें।








