Rajasthan Politics: केंद्र सरकार के परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े नए प्रस्ताव का राजस्थान की राजनीति पर बड़ा असर पड़ सकता है। केंद्रीय कैबिनेट ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके लागू होने पर राजस्थान में लोकसभा की सीटें 25 से बढ़कर 38 और विधानसभा की सीटें 200 से बढ़कर 300 हो सकती हैं। इससे प्रदेश को लोकसभा में 13 और विधानसभा में 100 अतिरिक्त प्रतिनिधि मिल सकते हैं। आपको बता दें कि इस प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है। इसके तहत राजस्थान की 300 सदस्यीय विधानसभा में करीब 100 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। वहीं, 38 लोकसभा सीटों में लगभग 13 सीटें महिलाओं के हिस्से में आ सकती हैं। हालांकि, अंतिम स्थिति परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 151 होगा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वर्तमान में राजस्थान विधानसभा में 200 विधायक हैं और बहुमत के लिए 101 विधायकों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में सीटें बढ़कर 300 होने पर बहुमत का आंकड़ा 151 हो जाएगा। इससे प्रदेश की चुनावी राजनीति और राजनीतिक दलों की रणनीति में बदलाव देखने को मिल सकता है।
नए सिरे से तय होंगी सीटों की सीमाएं
परिसीमन के बाद विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से निर्धारित होंगी। कई मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों का भौगोलिक स्वरूप बदल सकता है और नए क्षेत्र अस्तित्व में आ सकते हैं। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि किन जिलों में कितनी सीटें बढ़ेंगी। केंद्र के प्रस्ताव में सभी राज्यों की लोकसभा सीटें 50 फीसदी बढ़ाने की बात है, ताकि प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखा जा सके। परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों के इस्तेमाल का प्रस्ताव है। फिलहाल यह प्रस्ताव है। कानून बनने और परिसीमन पूरा होने के बाद ही सीटों की अंतिम संख्या तय होगी







