Rajasthan Weather: राजस्थान में लगातार गर्मी का कहर बढ़ता ही जा रहा है। जयपुर के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में यहां के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। ऐसे में अगर बीते दिन यानी शुक्रवार की बात करें, तो राजस्थान का सबसे अधिक तापमान फलौदी में 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही आपको बताते चलें कि श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 42.8 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 42.7 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम शुष्क बने रहने की आशंका
वहीं, दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मौसम विभाग का कहना है कि एक हफ्ते तक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहने की आशंका है। इसके साथ ही तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, अगर पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों की बात करें, तो वहां का अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही वहां के इलाकों में लू चलने की भी आशंका है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Water Supply News: जोधपुर में 18 मई को नहीं आएगा पानी, मेंटेनेंस के चलते सप्लाई प्रभावित
गर्मी और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद
पूर्वी राजस्थान में गर्मी और ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर के समय बाहर जाने से बचें। केवल जरूरी काम के लिए ही बाहर निकलें। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों में राजस्थान के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। इसके साथ ही धूल भरी हवाएं चलने से गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है।