Rajasthan Weather: राजस्थान में मार्च के शुरुआती दिनों में ही तेज गर्मी की शुरुआत हो गई है। होली के बाद से ही ज्यादातर शहरों के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। वहीं पिलानी, बाड़मेर, जैसलमेर में गर्मी सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है। आपको बता दें कि इस सीजन में पहली बार राज्य का अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन भी 40 डिग्री सेल्सियस तक बना हुआ है। ऐसे में बीते दिन यानि सोमवार की बात करें तो ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बाड़मेर, बालोतरा और उसके आसपास से इलाकों में हीट वेव की स्थिति देखने को मिली। इन शहरों में तेज धूप के साथ लू भी चली।
जानें मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान
वहीं मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है। वही आज यानी मंगलवार को कई जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह तक तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो अजमेर में 37.2 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 36.6 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 36.2 डिग्री सेल्सियस, जयपुर में 37.8 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 38.0 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 39.5 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 40. 4 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 38.4 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 39.1 डिग्री सेल्सियस, डूंगरपुर में 37.4 डिग्री सेल्सियस, सिरोही में 36.2 डिग्री सेल्सियस, करौली में 37.8 सेल्सियस, दौसा में 38.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रह सकता है
वहीं मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। साथ ही अगले दो दिनों मे अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर हीट वेव की स्थिति भी बन सकती है।









