Rajasthan CET: प्रदेश में अब 10वीं पास सरकारी नौकरियों के लिए भी समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) देनी होगी। चयन बोर्ड सीईटी दसवीं स्तर के आयोजन को लेकर मंथन कर रहा है। सरकार स्तर पर वार्ता हो चुकी है। जल्द ही प्रदेश में सीईटी दसवीं का आयोजन हो सकता है। अभी सीईटी स्नातक और सीईटी सीनियर सेकंडरी का आयोजन किया जाता है। सीईटी दसवीं लागू होने के बाद वनरक्षक, लैब अटेंडेंट, सिपाही आबकारी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सहित कई भर्तियां इसमें शामिल हो सकती है। इन पदों की भर्तियों में शामिल होने के लिए सीईटी दसवीं की पात्रता लेना जरूरी होगा।
लाखों अभ्यर्थियों पर पड़ेगा असर
फिलहाल राजस्थान में स्नातक स्तर और सीनियर सेकेंडरी स्तर की सीईटी आयोजित की जाती है। अब सरकार 10वीं स्तर की सीईटी लागू करने की तैयारी में है, जिससे भर्ती प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जा सके। आपको बता दें कि 10वीं पास योग्यता वाली भर्तियों में लाखों आवेदन आते हैं। लैब अटेंडेंट के 52 पदों पर 2 लाख और चतुर्थ श्रेणी भर्ती में 24 लाख आवेदन आए थे। ऐसे में दो स्तर पर परीक्षा की तैयारी है। पहले चरण में सीईटी से छंटनी के बाद दूसरे चरण में भीड़ घटेगी। हरियाणा समेत कई राज्यों में सीईटी सेकंडरी हो रहा है।
भर्ती प्रक्रिया होगी आसान
नई व्यवस्था लागू होने पर पहले अभ्यर्थियों को सीईटी 10वीं पास करनी होगी। इसके बाद संबंधित विभाग की भर्ती परीक्षा या अगले चयन चरण में केवल पात्र उम्मीदवार ही शामिल हो सकेंगे। इससे भर्ती परीक्षाओं का बेहतर संचालन और समय पर परिणाम जारी करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।








