Railway Project: पाकिस्तान सीमा से सटे राजस्थान के इलाकों में अब रेल कनेक्टिविटी का नया नेटवर्क तैयार करने की दिशा में रेलवे ने कदम बढ़ाए हैं। वहीं सीमावर्ती जिलों में यात्री सुविधाओं के साथ सामरिक जरूरतों और माल परिवहन को ध्यान में रखते हुए 1487 किमी की 6 रेल प्रोजेक्ट्स पर काम आगे बढ़ाया गया है। इनमें चार नई रेल लाइनें और दो रुट्स का दोहरीकरण (डबलिंग) शामिल है। रेलवे ने दो बड़ी प्रोजेक्ट्स की 6165 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार कर ली है, जबकि चार अन्य प्रोजेक्ट्स के फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) चल रहे हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार, अनूपगढ़ से बीकानेर तक 187 किमी नई रेल लाइन की डीपीआर 2277 करोड़ रुपए में तैयार की गई है। अब इसे स्वीकृति के अगले चरण में ले जाया जाएगा। इस लाइन से सीमावर्ती अनूपगढ़ क्षेत्र को बीकानेर के साथ बेहतर रेल संपर्क मिल सकेगा।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जैसलमेर से बाड़मेर होते हुए भाभर/भीलड़ी तक 380 किमी नई रेल लाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएसएल) चल रहा है। इसी तरह खाजूवाला से जैसलमेर तक 260 किमी रेल लाइन की तैयारी है। इस लाइन को अनूपगढ़-बीकानेर रेल परियोजना से जोड़ने की योजना है। ऐसे में सोनू से रामगढ़ तक 26 किमी नई रेल लाइन का सर्वे भी प्रगति पर है। इसके साथ ही बता दें कि बठिंडा से हनुमानगढ़ और सूरतगढ़ होते हुए बीकानेर तक 320 किमी रूट के डबलिंग की डीपीआर 3888 करोड़ रुपए में तैयार की गई है। लालगढ़ से जैसलमेर तक 314 किमी रेलमार्ग को डबल करने के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे चल रहा है। इन दोनों रुट्स के डबलिंग से भविष्य में यात्री और मालगाड़ियों के संचालन की क्षमता बढ़ सकेगी।

ऐसे में सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में रेल नेटवर्क मजबूत होने से सामान्य यात्रियों के साथ व्यापार और लॉजिस्टिक्स को लाभ मिलने की उम्मीद है। पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्रों में बेहतर रेल संपर्क सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। हालांकि, निर्माण की समयसीमा और कार्य शुरू होने की तारीख परियोजनाओं की स्वीकृति के बाद ही स्पष्ट होगी।