Rajasthan Board Latest Update: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की पूरक परीक्षाएं शनिवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गईं। अब बोर्ड प्रशासन उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। बोर्ड सूत्रों के अनुसार मूल्यांकन कार्य सोमवार से प्रारंभ कराया जाएगा और इस बार परीक्षकों से अंक ऑनलाइन मंगवाने की तैयारी की गई है, जिससे परिणाम प्रक्रिया में तेजी आने के साथ त्रुटियों में भी कमी की संभावना है।
परिणाम जल्द जारी करने की तैयारी
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आखिरी दिन 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं में व्यावसायिक, तकनीकी और पारंपरिक विषयों की परीक्षाएं हुई। 10वीं में ऑटोमोटिव, सौंदर्य एवं स्वास्थ्य, स्वास्थ्य देखभाल, सूचना प्रौद्योगिकी, टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी, कृषि, प्लम्बर, टेलीकॉम, बैंकिंग, कंस्ट्रक्शन, फूड प्रोसेसिंग और संस्कृत सहित विभिन्न विषयों की परीक्षा हुई। वहीं 12वीं में व्यावसायिक विषयों के साथ ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद, अथर्ववेद, न्याय दर्शन, वेदांत दर्शन, जैन दर्शन, साहित्य शास्त्र, धर्मशास्त्र और अन्य पारंपरिक विषयों की परीक्षाएं हुई। बोर्ड इस बार मूल्यांकन के बाद अंक ऑनलाइन मंगवाने की तैयारी कर रहा है। इससे परिणाम प्रक्रिया तेज होने के साथ त्रुटियों में भी कमी आने की संभावना है।
चार जिलों में होगा केंद्रीकृत मूल्यांकन
बोर्ड प्रशासक और संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने बताया कि पूरक परीक्षाएं शांतिपूर्वक पूरी हो गई हैं। परिणाम जल्द जारी किया जाएगा। वहीं बोर्ड सचिव नीतू यादव ने बताया कि बोर्ड जल्द परिणाम जारी करने की दिशा में नई कवायद कर रहा है। मुख्य परीक्षा की तर्ज पर पूरक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं भी केंद्रीय मूल्यांकन केंद्रों पर ही जंचवाई जाएंगी। अजमेर सहित प्रदेश के चार जिलों में यह काम शुरू कराया जा रहा है। उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल तैयार करवा लिए गए हैं। इनको केंद्रीय मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारियों की मॉनिटरिंग में टीम काम करेगी।








