rajasthanone Logo
Rajasthan Adventure Sports: राजस्थान में एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की तैयारी की जा रही है। वहीं 218.75 करोड़ की लागत से हाईटेक संस्थान बनाया जाएगा।

Rajasthan Adventure Sports: राजस्थान सरकार ने एडवेंचर स्पोर्ट्स, प्रशिक्षण और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए डीएडब्ल्यू-राजस्थान इंटिग्रेटेड एडवेंचर इंस्टीट्यूट स्थापित करने की नई पहल की है। प्रस्तावित संस्थान को राष्ट्रीय स्तर के ग्रीनफील्ड केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना की प्रारंभिक लागत 218.75 करोड़ रुपए आंकी गई है। अंतिम लागत विस्तृत साइट जांच, तकनीकी डिजाइन, वैधानिक मंजूरियों और वित्तीय मूल्यांकन के बाद तय होगी।

आपको बता दें कि संस्थान को हब एंड स्पोक मॉडल पर विकसित करने की योजना है। इसके तहत एक केंद्रीय संस्थान परिसर के साथ तीन विशेष भौगोलिक नोड प्रस्तावित हैं। एयरो नोड जोधपुर-जैसलमेर क्षेत्र, लैंड नोड माउंट आबू-जवाई क्षेत्र और एक्वा नोड उदयपुर क्षेत्र में विकसित किए जाने हैं। इन क्षेत्रों की भौगोलिक विशेषताओं के आधार पर अलग-अलग एडवेंचर गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित संस्थान में एडवेंचर स्पोर्ट्स, प्रतिस्पर्धी खेल और पेशेवर प्रशिक्षण के साथ आउटडोर लीडरशिप, रेस्क्यू ट्रेनिंग, एडवेंचर मेडिसिन और इंस्ट्रक्टर डेवलपमेंट की व्यवस्था होगी। इसके अलावा कॉरपोरेट और एग्जीक्यूटिव लीडरशिप कार्यक्रम भी संचालित करने की योजना है। संस्थान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के साथ उच्चस्तरीय खिलाड़ी और प्रशिक्षक तैयार करने का केंद्र भी बनेगा।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और स्थानीय समुदायों की एडवेंचर स्पोर्ट्स में भागीदारी बढ़ाना है। इसके जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और एडवेंचर आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने की भी योजना है। प्रस्ताव में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड अलाइड स्पोर्ट्स (NIMAS), दिरांग के अनुभव को संस्थागत मॉडल के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ माना गया है।

सरकार के प्रस्ताव के अनुसार राजस्थान में रेगिस्तान, अरावली पर्वतमाला, ग्रेनाइट संरचनाएं, झीलें और जलाशय तथा प्रमुख पर्यटन स्थल मौजूद हैं। खुले क्षेत्रों में एयरो गतिविधियों के लिए उपलब्ध परिस्थितियों के साथ यह विविधता राज्य को वर्षभर एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्यटन गतिविधियों के लिए उपयुक्त बनाती है। परियोजना को PPP मॉडल के तहत संचालित करने का प्रस्ताव है।

5379487