Alwar Electric Bus Project: पीएम-ई बस सेवा के संचालन के लिए नगर निगम ने कंडक्टर और अन्य स्टाफ की भर्ती के लिए नया टेंडर जारी किया है। पहले जारी किए गए टेंडर में अनुभव संबंधी शतों को लेकर विवाद खड़ा होने के बाद उसे निरस्त कर दिया गया था। अब संशोधित शतों के साथ 10 जून तक आवेदन मांगे गए हैं।
पूर्व टेंडर में किसी सरकारी या अर्द्धसरकारी संस्था को मात्र एक माह तक मैनपावर उपलब्ध कराने का अनुभव पर्याप्त माना गया था। इस शर्त पर सवाल उठने के बाद निगम ने टेंडर रद्द कर दिया और अब अनुभव की न्यूनतम अवधि एक वर्ष निर्धारित कर दी है। पीएम-ई बसों के संचालन के लिए ठेकेदार को कुल 135 कर्मचारियों की व्यवस्था करनी होगी। इनमें 118 कंडक्टर और 17 अन्य स्टाफकर्मी शामिल हैं। वहीं बस चालकों और डिपो प्रबंधन की जिम्मेदारी टीएसएल के पास रहेगी।
चार्जिंग स्टेशन का काम 85 फीसदी पूरा
ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम्स लिमिटेड की ओर से विकसित किए जा रहे चार्जिंग स्टेशन का करीब 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब केवल वायरिंग का काम बाकी है। पहले चरण में 25 इलेक्ट्रिक बसें एक साथ अलवर पहुंचने की संभावना है। इनके जुलाई के पहले सप्ताह तक आने का अनुमान है। इसके साथ ही बसों के प्रस्तावित रूट में संशोधन का कार्य भी अंतिम चरण में है, जो अगले दो से तीन दिन में पूरा होने की उम्मीद है।








