JLN Road Traffic Plan: शहर के वीआईपी मार्ग जेएलएन पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव के चलते जाम और सड़क हादसों को रोकने के लिए नया प्लान तैयार है। इसमें कट बंद करने, चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग के साथ सबसे बड़ा बदलाव मालवीय नगर पुलिया पर होगा। ट्रैफिक पुलिस के प्रस्ताव पर जेडीए ने पुलिया पर कैलगिरी से जवाहर सर्किल की ओर जाने के लिए बनी कर्व रैंप को शिफ्ट करने की प्लानिंग की है।
अभी कैलगिरी की तरफ से आने वाले वाहनों को मालवीय नगर पुलिया पर चढ़ने के लिए दिन में रुकना पड़ता है, वहीं रात में तेज स्पीड में ओटीएस से आ रहे वाहनों से टकरा जाते हैं। अब कर्व को हटाकर लेफ्ट लेन से ही रैंप बनाकर पुलिया से कनेक्ट किया जाएगा। साथ ही पुलिया के नीचे की सड़क की चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी। इससे जवाहर सर्किल से कैलगिरी रोड की ओर जाने वाले वाहनों का टर्न भी आधे से कम रह जाएगा।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather : राजस्थान के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट, आधी रात को कई जिलों में बरसे बादल
अभी कैलगिरी की तरफ से जवाहर सर्किल की ओर जाने के लिए 4 मीटर चौड़ा रैंप है। यह 90 डिग्री में पुलिया पर मर्ज होता है। पुलिया पर चढ़ने के लिए राइट लेन क्रॉस करनी पड़ती है। जेडीए रैंप को लेफ्ट लेन की तरफ शिफ्ट कर पुलिया से कनेक्ट करने की प्लानिंग कर रहा। कर्व खत्म होगा व कैलगिरी से आने वाले वाहन 6-7 मीटर चौड़े रैंप से सीधे पुलिया पर चढ़ेंगे।
रैंप को हटाकर पुलिया के नीचे यू-टर्न की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। इससे पुलिया के ऊपर से अपेक्स सर्किल जाने वाले और अपेक्स से ओटीएस आने वालों को ज्यादा जगह मिलेगी। जेडीए जेएलएन मार्ग पर इंटीग्रेटेड कॉरिडोर मैनेजमेंट/इम्प्रूवमेंट प्लान भी तैयार कर रहा। इसके लिए स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर से प्रस्ताव लेगा। पहले फेज में ट्रैफिक लोड, पदयात्रियों का आकलन सहित अन्य सर्वे होगा।








