Rajasthan Weather : इस समय राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला हुआ लग रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। आज सुबह से ही राजधानी जयपुर में हल्की बारिश हो रही है। ठंडी हवाएं चल रही हैं। इस समय राजधानी जयपुर में मौसम बिल्कुल सुहावना बना हुआ है। आपको बता दें कि मौसम विभाग ने 21 जून यानी आज 19 से ज्यादा जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं सीकर जिले में आसमान में काले बादल छाने के साथ ही साथ तड़के करीब 3 बजे से झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ है। वहीं सुबह करीब 5 बजे के आसपास अच्छी खासी बारिश हुई, जिससे लोगों को लंबे समय से पड़ रही गर्मी से काफी राहत मिली और तापमान में भी गिरावट हुई। आपको बता दें कि प्रदेश में तेज बारिश होने के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। गाड़ी चलाने वाले और राहगीरों को कई घंटो तक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रींगस में हुई तेज बारिश
राजस्थान के रींगस में जोरदार बारिश हुई। वहीं सप्ताह भर बाद भीषण गर्मी के साथ उमस से भी राहत महसूस हो रही है। सबसे खास बात यह है कि खेतों में खड़ी खरीफ की फसलों के लिए यह फायदेमंद साबित होने वाली है। आपको बता दें कि प्री-मानसून की बारिश बाजरा, ग्वार, मूंग, मूंगफली समेत अन्य कई फसलों के लिए वरदान है।









