rajasthanone Logo
Mahesh Manjrekar : महेश मांजरेकर 1 और 2 अगस्त को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) के ऑडिटोरियम में अपने चर्चित मराठी-हिन्दी नाटक 'एनिमल' का मंचन करेंगे।

Mahesh Manjrekar : राजस्थान की राजधानी जयपुर के कला और रंगमंच प्रेमियों के लिए एक बेहद खास और यादगार अवसर आने वाला है। जिस अभिनेता के अभिनय को अभी तक आपने टीवी में देखा है उसके अभिनय को सामने से देखने का अवसर प्राप्त होने वाला है। दरअसल, हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और लेखक महेश मांजरेकर पहली बार जयपुर में लाइव अभिनय करते हुए नजर आएंगे, जिसको लेकर जयपुर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

 

जयपुर में कब होगा नाटक एनिमल का मंचन

 

महेश मांजरेकर 1 और 2 अगस्त को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) के ऑडिटोरियम में अपने चर्चित मराठी-हिन्दी नाटक 'एनिमल' का मंचन करेंगे। एनिमल नाटक इंसान के भीतर छिपे स्वार्थ, महत्वाकांक्षा, लालच, रिश्तों के बदलते मायने और सत्ता की चाह जैसी भावनाओं को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है। कहानी की पटकथा के साथ - साथ भावनात्मक दृश्यों के साथ रहस्य, रोमांच और गहन संवादों का मेल दर्शकों को आखिरी तक बांधे रखता है। यही कारण है कि महेश मांजरेकर और उनकी टीम के सशक्त अभिनय और नाटक की पटकथा के कारण इसका सफल मंचन मुंबई, पुणे सहित देश के कई शहरों में हो चुका है।

 

कौन हैं महेश मांजरेकर?

महेश मांजरेकर की बात करें तो बॉलीवुड में उन्होंने पहली बार साल 1999 में फिल्म 'वास्तव' का निर्देशन किया था। इसी फिल्म ने संजय दत्त के करियर को नई ऊंचाई दी थी। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक दमदार हिंदी और मराठी फिल्मों का निर्देशन किया। उन्होंने अस्तित्व, कुरुक्षेत्र, हथियार, विरुद्ध, सिटी ऑफ गोल्ड, मी शिवाजीराजे भोसले बोलतोय और नटसम्राट का भी निर्देशन किया। उन्होंने अभिनय के दुनिया में भी खूब नाम कमाया। महेश मांजरेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा में कई दमदार फिल्मों में अभिनय किया जैसे कांटे, मुसाफिर, रेडी, दबंग, दबंग-2, बॉडीगार्ड, स्लमडॉग मिलियनेयर, वॉन्टेड, ओके जानू, सिंबा आदि। महेश मांजरेकर पहली बार जयपुर में एनिमल नाटक का मंचन तो करेंगे ही साथ में यहां लोगों से बातचीत भी करेंगे।

5379487