Rajasthan Health News: कोटा शहर में मौसम के करवट लेने और ठंडक बढ़ने के साथ ही मौसमी बीमारियों का प्रकोप शुरू हो गया है। एक तरफ हॉस्पिटलों में सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस के मरीज बढ़ रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ दवाओं के स्टॉक में कमी आ रही है। न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (NMCH) के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा का कहना है कि दवाइयों को लेकर किसी तरह की समस्या नहीं है।
अगर कोई दवा सप्लाई के इंतजार में अस्थाई रूप से शॉर्ट भी होती है तो सरकार की ओर से अनुमोदित रूटीन प्रक्रिया के तहत एनएसी (नॉन एवेलिबिलटी सर्टीफिकेट) के जरीये मरीजों को तुरंत दवा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को दवा के अभाव में भटकने नहीं दिया जा रहा है।
अधीक्षक ने बताया कि एकदम से शुरू हुई ठंड के कारण कफ-कोल्ड और बुखार के मरीज बढ़े हैं। विशेष रूप से जो लोग पहले से ही सांस या संबंधी बीमारियों से पीड़ित हैं। उनकी तकलीफ और भी बढ़ गई है। हालांकि, उन्होंने राहत भरी बात यह बताई कि दिवाली से पहले ओपीडी में जो भारी भीड़ थी, उसके मुकाबले फिलहाल ओवरऑल ओपीडी कम है और सामान्य रूप से चल रही है। वहीं डॉ. आशुतोष शर्मा ने कहा कि बीमारी के लक्षण दिखने पर मेडिकल स्टोर से सीधे (ओवर-द-काउंटर) दवाइयां लेकर न खाएं और अनावश्यक दवाओं के सेवन से बचें। ऐसा करने से शरीर को नुकसान पहुंचता है और बीमारी की वास्तविक गंभीरता समय पर सामने नहीं आ पाती। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लोग गर्म कपड़े पहनें, बिना वजह ठंड में बाहर न निकलें और बचाव के लिए इन्फ्लूएंजा की वैक्सीन जरूर लगवाएं, जिससे बार-बार होने वाले कफ-कोल्ड की फ्रीक्वेंसी और गंभीरता कम रहे।